Russia Earthquake: रूस के कामचटका क्षेत्र के पूर्वी तट के पास 7.7 तीव्रता का तेज भूकंप आया है। भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर गहराई पर था। इसके बाद 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले समुद्र तटों पर सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। अभी तक किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।
जुलाई में आया था और भी शक्तिशाली भूकंप
इससे एक महीने पहले, जुलाई में, 8.8 तीव्रता का भूकंप आया था। उस समय प्रशांत महासागर में 4 मीटर ऊंची सुनामी की लहरें उठी थीं।खतरे को देखते हुए जापान, हवाई और अन्य तटीय इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया था। जापान में तो लगभग 20 लाख लोगों को ऊंचे इलाकों में जाने का आदेश दिया गया था। हालांकि बाद में सुनामी की चेतावनी वापस ले ली गई थी।
कामचटका क्षेत्र में अक्सर आते हैं भूकंप
कामचटका प्रायद्वीप दुनिया का ऐसा इलाका है, जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। 1952 में यहां 9.0 तीव्रता का बहुत ही शक्तिशाली भूकंप आया था। यह अब तक के सबसे खतरनाक भूकंपों में से एक माना जाता है।
भूकंप की तीव्रता को समझें
भूकंप की ताकत को तीव्रता (Magnitude) से मापा जाता है।
- 3 से 4.9 तीव्रता – छोटे भूकंप
- 5 से 6.9 तीव्रता – मध्यम से तेज भूकंप
- 7 से 7.9 तीव्रता – बड़े या मेजर भूकंप
- 8 या उससे ज्यादा तीव्रता – बहुत ही शक्तिशाली भूकंप
इस बार आया भूकंप 7.7 तीव्रता का था, यानी यह मेजर कैटेगरी का भूकंप है।
भूकंप क्यों आते हैं?
हमारी धरती कई बड़े-बड़े हिस्सों (जिन्हें टेक्टोनिक प्लेट्स कहते हैं) पर टिकी है। कुल 12 बड़ी टेक्टोनिक प्लेटें होती हैं, जो बहुत धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं। ये प्लेटें हर साल 4 से 5 मिलीमीटर तक हिलती-डुलती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या एक प्लेट दूसरी के नीचे खिसक जाती है, तब बड़ी मात्रा में ऊर्जा निकलती है। यही ऊर्जा भूकंप के रूप में महसूस होती है।
धरती के मुख्य भूखंड
पृथ्वी सात बड़े भूखंडों से बनी है:
- भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई भूखंड
- उत्तर अमेरिकी भूखंड
- प्रशांत महासागरीय भूखंड
- दक्षिण अमेरिकी भूखंड
- अफ्रीकी भूखंड
- अंटार्कटिक भूखंड
- यूरेशियाई भूखंड
इन्हीं भूखंडों और प्लेटों की हलचल से भूकंप आते रहते हैं।