Kedarnath Yatra Helicopter Service: केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। आपको बता दें कि चारधाम यात्रा इस साल 19 अप्रैल से शुरू होगी, जबकि केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसी के साथ हेलीकॉप्टर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग भी 11 अप्रैल दोपहर 12 बजे से शुरू होने जा रही है, जिसे लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कब तक चलेगी हेलीकॉप्टर सेवा बुकिंग?
हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल IRCTC के आधिकारिक पोर्टल heliyatra.irctc.co.in के जरिए ही की जा सकेगी। यह बुकिंग 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए मान्य होगी।
यात्रियों के लिए यह भी जरूरी है कि टिकट बुक करने से पहले उत्तराखंड पर्यटन विभाग की चारधाम यात्रा पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
टिकट बुक करने की प्रक्रिया
हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे
-सबसे पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in पर जाएं।
-इसके बाद “Book Ticket” विकल्प चुनें और जरूरी जानकारी भरें।
-चारधाम यात्रा के लिए किए गए रजिस्ट्रेशन आईडी के आधार पर लॉगिन करें।
-लॉगिन के बाद उपलब्ध स्लॉट और तारीख चुनकर टिकट बुक करें।
-ध्यान रहे कि एक यूजर आईडी से अधिकतम 6 टिकट ही बुक किए जा सकते हैं।
केदारनाथ हेलीकॉप्टर रूट और किराया
केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं तीन मुख्य हेलीपैड से संचालित होती हैं- गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी
गुप्तकाशी से केदारनाथ (राउंड ट्रिप): लगभग ₹12,700
फाटा से केदारनाथ (राउंड ट्रिप): लगभग ₹10,100
सिरसी से केदारनाथ (राउंड ट्रिप): लगभग ₹6,400
इन तीनों रूट्स में से सिरसी का किराया सबसे कम माना जाता है, जबकि गुप्तकाशी का रूट सबसे लंबा और थोड़ा महंगा है।
यात्रियों के लिए सुरक्षा चेतावनी
प्रशासन ने श्रद्धालुओं को फर्जी वेबसाइटों और साइबर ठगी से सावधान रहने की सलाह दी है। कई मामलों में नकली लिंक और सोशल मीडिया ऑफर्स के जरिए लोगों से धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आई हैं।
अधिकारियों ने साफ किया है कि टिकट केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट से ही बुक किए जाएं और किसी भी अनजान लिंक या एजेंट पर भरोसा न किया जाए।

