एंटरटेनमेंट डेस्क : नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही सुर्खियां बटोर रही है। रणबीर कपूर स्टारर इस महाकाव्य फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर बड़ी खबर सामने आई थी और अब इसके म्यूजिक राइट्स की डील ने भी खूब चर्चा बटोर ली है।
टी-सीरीज ने हासिल किए ‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई बड़ी म्यूजिक कंपनियां ‘रामायण’ के ऑडियो राइट्स खरीदने में दिलचस्पी दिखा रही थीं। हालांकि, लंबी बातचीत के बाद भूषण कुमार की कंपनी टी-सीरीज इस डील को अपने नाम करने में सफल रही।
सूत्रों के अनुसार, टी-सीरीज को फिल्म के संगीत पर काफी भरोसा है और कंपनी को उम्मीद है कि इसका साउंडट्रैक दर्शकों के बीच बड़ी सफलता हासिल करेगा।
75 करोड़ रुपये में हुई म्यूजिक डील
रिपोर्ट्स की मानें तो टी-सीरीज ने ‘रामायण’ के दोनों हिस्सों के म्यूजिक राइट्स के लिए करीब 75 करोड़ रुपये का एडवांस भुगतान किया है। बताया जा रहा है कि यह रकम रिफंडेबल एडवांस एग्रीमेंट का हिस्सा है।
अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो यह किसी भारतीय फिल्म के लिए किए गए सबसे बड़े म्यूजिक राइट्स सौदों में से एक माना जा सकता है।
स्टार कास्ट और फिल्म की खास बातें
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं और सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में दिखाई देंगे। वहीं रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन ‘दंगल’ फेम नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसका निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। इस बड़े प्रोजेक्ट के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के मशहूर कंपोजर हंस जिमर संभाल रहे हैं।
दो भागों में बनने वाली यह फिल्म बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा।
