Bee Attack During Cricket Match: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार शाम एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हादसे में 65 वर्षीय अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई, जबकि 15 से 20 खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हुए।
घटना शुक्लागंज क्षेत्र के सप्रीू मैदान पर तब हुई जब मैच के दौरान ड्रिंक्स ब्रेक चल रहा था। अंपायर और खिलाड़ी मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए ग्राउंड पर लेट गए, लेकिन मधुमक्खियां लगातार डंक मारती रहीं, जिससे मैदान में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल माणिक गुप्ता को कानपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उन्हें नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरी पारी के दौरान पानी पीने के समय अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। लखनऊ से आए एक खिलाड़ी को भी कई जगह डंक लगे। कुल मिलाकर 15-20 खिलाड़ी भी गंभीर रूप से घायल हुए।
इस तरह की घटना भारत में पहली बार नहीं हुई है। 2019 में तिरुवनंतपुरम में इंडिया A बनाम इंग्लैंड लायंस वन-डे मैच के दौरान भी मधुमक्खियों ने हमला किया था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे, लेकिन किसी की जान नहीं गई थी।

