Weather Update : भारत मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ जिलों में सोमवार (30 जून) को भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने हिमाचल के 4 और उत्तराखंड के 9 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और कई जगह लोग फंसे हुए हैं।
हिमाचल के 4 जिलों में स्कूलों की छुट्टी
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में सोमवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों (स्कूल-कॉलेज) में छुट्टी के आदेश दिए हैं। ये निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों (डीसी) को निर्देश दिए हैं कि वे मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और तत्काल स्कूल बंद करने के आदेश जारी करें।
राज्य में भारी बारिश का दौर जारी
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल में अगले 24 घंटे तक जोरदार बारिश हो सकती है। रविवार शाम से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। बीते 24 घंटे में भी कई स्थानों पर तेज बारिश हुई है। कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में स्थिति गंभीर हो सकती है। सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उत्तराखंड में बारिश बनी आफत
उत्तराखंड के धारचूला क्षेत्र में भारी बारिश के कारण आदि कैलाश यात्रा मार्ग फिर से बंद हो गया है। दोबाट क्षेत्र में चट्टानें गिरने से रास्ता बंद हो गया है। सड़क खोलने का कार्य जारी है, लेकिन इसमें समय लग सकता है। लगातार बारिश की वजह से भूस्खलन की घटनाएं तेजी से हो रही हैं।
चारधाम यात्रा पर से प्रतिबंध हटा
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जानकारी दी कि अब चारधाम यात्रा पर लगाया गया 24 घंटे का प्रतिबंध हटा लिया गया है। अब प्रत्येक जिले का प्रशासन अपने क्षेत्र में मौसम की स्थिति देखकर ही वाहनों को रोकेगा या आगे बढ़ने देगा।
रुद्रप्रयाग में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
रुद्रप्रयाग जिले में रविवार देर रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। इसकी वजह से आम लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। केदारनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग में रोक दिया गया है।
- केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है।
- विजयनगर में पहाड़ से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से चार-पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
- बदरीनाथ हाईवे भी सिरोबगड़ में बंद हो गया है।
- राजमार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं।
क्या करें आम लोग?
- प्रशासन की सलाह माने
- अनावश्यक यात्रा से बचें
- मौसम की जानकारी अपडेट रखें
- नदियों और ढलानों से दूर रहें