Hardik Pandya: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 96 रनों से जीत दर्ज कर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाते हुए मैदान पर तिरंगा थामे हुए उत्सव मनाया।
लेकिन अब टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में तिरंगे के अपमान का मामला दर्ज किया गया है। वकील वाजेद खान ने शिकायत में आरोप लगाया कि हार्दिक ने जीत का जश्न मनाते हुए तिरंगा अपने शरीर पर लपेटा और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस किया। उन्होंने बताया कि यह 1971 नेशनल फ्लैग एक्ट, सेक्शन 2 के खिलाफ है और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना जा सकता है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि नेशनल फ्लैग पूरे देश का प्रतीक है और इसे सम्मान देना जरूरी है। शिकायत शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कर ली गई और उन्हें इसकी कॉपी भी प्रदान की गई।
हार्दिक पांड्या का टूर्नामेंट में योगदान
वहीं, हार्दिक पांड्या ने भारत को तीसरी बार वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 9 मैचों में 217 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे। गेंदबाजी में उन्होंने 32.33 की औसत से 9 विकेट हासिल किए। खासकर सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हार्दिक के 19वें ओवर ने टीम को जीत की राह में अहम मदद की। इस घटना के बाद क्रिकेट जगत और सोशल मीडिया में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, और मामला अब कानूनी रूप ले चुका है।

