Recruitment announced by the Ministry of AYUSH
आयुष मंत्रालय में निकली भर्ती, कई पदों पर आवेदन शुरू; 30 जुलाई तक करें अप्लाई

Government Job 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (NMPB) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 30 जुलाई तक ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें डिप्टी एडवाइजर, असिस्टेंट एडवाइजर, फाइनेंस एंड एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, रिसर्च ऑफिसर, असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर और अकाउंटेंट के पद शामिल हैं।

शैक्षणिक योग्यता

पद के अनुसार योग्यता अलग-अलग तय की गई है। सामान्य रूप से उम्मीदवार के पास वनस्पति विज्ञान, फार्मेसी, कृषि, बागवानी, जैव प्रौद्योगिकी या संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए। कुछ पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में 5 से 10 वर्ष का अनुभव और कंप्यूटर का ज्ञान भी आवश्यक है।

वेतन कितना मिलेगा?

चयनित उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के वेतनमान के अनुसार सैलरी मिलेगी। अलग-अलग पदों के लिए लेवल-6 से लेकर लेवल-12 तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है।

चयन प्रक्रिया

इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, पिछले पांच वर्षों के APAR रिकॉर्ड और विभागीय अनुमोदन के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन कैसे करें?

उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन पत्र वित्त एवं प्रशासनिक अधिकारी, राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (NMPB), आयुष मंत्रालय, प्रथम एवं द्वितीय तल, रेड क्रॉस एनेक्स बिल्डिंग, रेड क्रॉस रोड, नई दिल्ली – 110001 के पते पर 30 जुलाई तक पहुंच जाना चाहिए।