अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने दिशा की मौत की नए सिरे से जांच की मांग की है। इसके लिए उन्होंने बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ FIR दर्ज करने और जांच CBI को सौंपने का आग्रह किया गया है। आरोप लगाया गया है कि दिशा के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई थी। याचिका में सूरज पांचोली, डिनो मोर्या और मुंबई पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। उस समय दिशा के पिता ने जांच को संतोषजनक माना था। भाजपा नेता नितेश राणे ने तीन साल पहले दिशा से गैंगरेप के बाद उनकी हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, दिशा में माता-पिता ने बेटी को बदनाम करने की साजिश कहते हुए नितेश पर ही केस दर्ज कराया था। अब 5 साल बाद दिशा के पिता का कहना है कि उन्हें नजरबंद करके पुलिस के पेश सबूतों को सच मानने के लिए मजबूर किया गया था। दिशा के पिता की याचिका के बाद महाराष्ट्र में राजनीति तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने कहा, ‘आदित्य ठाकरे को विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और जांच का सामना करना चाहिए।’ पिता के वकील बोले- 1 साल से FIR दर्ज नहीं की जा रही दिशा सालियन केस में उनके पिता के वकील निलेश सी ओझा ने बताया कि सितंबर 2023 में उन्होंने एक जनहित याचिका (PIL) दायर कर एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद दिसंबर 2023 में शिंदे सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। उन्होंने आगे कहा कि 12 जनवरी 2024 को इस मामले में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली और अन्य लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया गया था। लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं हुई। सुशांत सिंह राजपूत के पिता बोले- दिशा के पिता ने सही किया सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने मामले को लेकर कहा कि पहले दिशा सालियान के पिता ने कहा था वे कुछ नहीं जानते हैं, दिशा ने आत्महत्या ही की होगी। ये मुझे नहीं पता कि बाद में वह किस बात पर कह रह हैं कि ये आत्महत्या नहीं हत्या है। हालांकि, पहले की सरकार और अब की सरकार में फर्क है। वर्तमान मुख्यमंत्री अपने स्तर पर जो भी करेंगे सही करेंगे। मामले में विपक्ष के बयान…. एनसीपी (SP) बोली- बिहार इलेक्शन को लेकर दोबारा मुद्दा भड़का रहे एनसीपी (शरद पवार) विधायक रोहित पवार ने कहा- अगर किसी व्यक्ति ने अपनी बेटी या महिला के लिए न्याय मांगने की कोशिश की है, तो हम चाहते हैं कि उन्हें न्याय मिले। लेकिन वास्तव में क्या हुआ, यह पता होना चाहिए। उसकी मौत को 4 साल हो गए हैं। इस मामले में अब भाजपा राजनीति कर रही है। रोहित ने आगे कहा- भाजपा ने 5 साल पहले भी बिहार चुनाव के समय सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर राजनीति की थी। अब फिर 4 महीने बाद बिहार में विधानसभा चुनाव है। इसको लेकर भाजपा ने दोबारा राजनीति शुरू कर दी है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मामले में प्रतिक्रिया देते हुए इसे महाराष्ट्र सरकार की साजिश करार दिया। देशमुख ने कहा- मैं दिशा सालियान के पिता द्वारा दायर याचिका की जानकारी ले रहा हूं। लेकिन अब यह पूरी घटना एक साजिश जैसी दिख रही है। शिवसेना (UBT) ने साजिश की आशंका जताई शिवसेना (UBT) ने अचानक फिर से मामला उठाने के पीछे साजिश का आशंका जताई है। पार्टी प्रवक्ता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा, ‘इसके पीछे कोई साजिश है। चार साल से ज्यादा समय बाद यह मामला सुर्खियों में कैसे आया। मामले की जांच के लिए पहले से ही SIT गठित है।’ वहीं, महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने अपने पूर्व में लगाए गए आरोपों को दोहराया। उन्होंने कहा- मैं पहले दिन से ही कह रहा हूं कि दिशा सालियान की हत्या की गई है। CCTV फुटेज गायब कर दिए गए और सोसाइटी के विजिटर रजिस्टर के पन्ने फाड़ दिए गए। शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा- मैंने पूरे मामले की पुलिस जांच देखी है, यह हत्या नहीं एक दुर्घटना थी। उसके पिता ने घटना के पांच साल बाद याचिका दायर की है। पूरा राज्य इस याचिका के पीछे की राजनीति जानता है। उन्होंने कहा- इनकी (भाजपा-शिवसेना की) औरंगजेब पर राजनीति करने की कोशिश फेल हो गई, इसका असर उनके खिलाफ ही हो गया। औरंगजेब के मुद्दे से अपना पल्ला झाड़ने के लिए वे दिशा सालियान मामले को हवा दे रहे हैं। अब पूरा मामला समझें… 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। उस समय दिशा के पिता ने जांच को संतोषजनक माना था। 3 साल पहले राणे ने मामला उठाया घटना के 2 साल बाद 2022 में नितेश राणे ने दिशा सालियान की मौत लेकर कई आरोप लगाए थे। राणे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एंटीलिया केस में जेल में बंद बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वझे से भी जोड़ा था। CBI जांच की मांग कर चुके हैं राणे नितेश राणे मामले में इससे पहले भी कई आरोप लगा चुके हैं। इसके चलते उन्होंने CBI जांच की भी मांग की थी। करीब 2 साल पहले राणे ने कहा था, ‘दिशा ने डायल 100 पर मदद मांगी थी और सबकुछ बताया था। पुलिस के पास जरूर जानकारी होगी, क्योंकि यह रिकॉर्डेड कॉल था।’ उन्होंने कहा था, ‘मुंबई पुलिस उनकी मदद नहीं कर सकी, इसलिए उन पर भी सवाल खड़ा होता है। मैं एक लीड दे रहा हूं। इसकी CBI जांच की जानी चाहिए। अगर CBI चाहे तो मैं उनकी मदद करने को तैयार हूं।’ इससे पहले नितेश राणे ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर दिशा के बॉयफ्रेंड रोहन राय की सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने लिखा था कि रोहन का बयान दिशा और सुशांत मौत की जांच के लिए बहुत अहम होगा। इससे कई कड़ियां खुल सकती हैं क्योंकि इस बात का पूरा यकीन है कि दोनों की मौत का कनेक्शन आपस में जुड़ा हुआ है। मौत से पहले दिशा ने पार्टी की थी दिशा की मौत के कुछ दिन बाद उनका एक वीडियो सामने आया था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वीडियो उनकी मौत से एक घंटे पहले का था। वीडियो में दिशा अपने दोस्तों के साथ डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो में दिशा के बॉयफ्रेंड रोहन भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिशा काफी खुश नजर आ रही हैं। दावा था कि दिशा ने वह वीडियो को 8 जून, 2020 की रात 11:48 बजे दोस्तों के वॉट्सऐप ग्रुप में पोस्ट किया था। इसके करीब एक घंटे के बाद उन्होंने सुसाइड कर लिया था। वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठे थे कि जब वे इतनी खुश थीं तो उन्होंने सुसाइड क्यों किया। हालांकि, वीडियो के बारे में किसी भी तरह की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। प्रोफेशनली काफी ज्यादा दबाव में थीं दिशा पुलिस सूत्रों ने दावा किया था कि दिशा सालियान प्रोफेशनली काफी ज्यादा दबाव में थीं। इसी के चलते उन्होंने सुसाइड किया। सूत्रों के मुताबिक, ‘दिशा के साथियों को काफी अच्छे क्लाइंट मिले रहे थे, लेकिन उसकी परफॉर्मेंस अच्छी नहीं चल रही थी। जिसकी वजह से वे काफी परेशान थी। इसी वजह से उसके दोस्तों ने एक पार्टी रखी थी, ताकि दिशा का मूड कुछ अच्छा हो सके।’ —————————————————- महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… फडणवीस बोले- अमित शाह से मेरी कोई शिकायत नहीं हुई, शिंदे से विवाद की खबरें गलत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी CM एकनाथ शिंदे से विवाद की खबरों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने अमित शाह से मेरी कोई शिकायत नहीं की है। शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत कहानी लिखने में बॉलीवुड के मशहूर लेखक सलीम-जावेद से कंपटीशन कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…

