NEW DELHI: पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 6 सितंबर तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश से राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 7 बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया। यह स्तर खतरे के निशान से करीब 2 मीटर ऊपर है। यमुना का उफान आसपास के इलाकों में पानी भरने का कारण बन रहा है।
सचिवालय और कई इलाकों में बाढ़ का पानी
बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी दिल्ली सचिवालय तक पहुंच गया है। यहां मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और बड़े अधिकारियों के दफ्तर स्थित हैं। इसके अलावा वासुदेव घाट और कश्मीरी गेट के पास स्थित श्री मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर तक भी पानी भर गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। यहां का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है।
पिछले 24 घंटे की बारिश
दिल्ली में बीते 24 घंटे (गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक) में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही वर्षा से निचले इलाकों में पानी भर गया है और ट्रैफिक पर भी असर पड़ रहा है।
वायु गुणवत्ता की स्थिति
बारिश की वजह से दिल्ली की हवा साफ हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 54 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।