India vs Australia : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होने वाली है, लेकिन उससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन चोटिल हो गए हैं और अब वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में मार्नस लाबुशेन को शामिल किया गया है।
कैमरून ग्रीन पूरी भारत वनडे सीरीज से हुए बाहर
सूत्रों के मुताबिक, ग्रीन को शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट के दौरान चोट लगी थी। वह वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से पर्थ में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ खेल रहे थे, जहां उन्होंने केवल चार ओवर फेंकने के बाद गेंदबाजी बंद कर दी। मेडिकल जांच में पता चला कि उनकी मांसपेशियों में हल्का खिंचाव है। हालांकि चोट गंभीर नहीं है, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें एहतियातन भारत दौरे से बाहर कर दिया है ताकि वे पूरी तरह फिट होकर टेस्ट सीरीज के लिए वापसी कर सकें।
सीरीज शुरू होने से पहले दूसरा बड़ा झटका
यह ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए सीरीज शुरू होने से पहले दूसरा बड़ा झटका है। टीम के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस पहले ही चोट के चलते बाहर हैं, जबकि विकेटकीपर जोश इंगलिस भी पिंडली की समस्या के कारण शुरुआती दो वनडे नहीं खेल पाएंगे। कैमरून ग्रीन हाल के दिनों में शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे में 55 गेंदों पर 118 रन की आतिशी पारी खेली थी। ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।
मार्नस लाबुशेन को मिला मौका
वहीं, मार्नस लाबुशेन के लिए यह मौका किसी वरदान से कम नहीं है। हाल ही में उन्हें वनडे टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने वापसी का रास्ता बनाया। उन्होंने पांच पारियों में चार शतक जड़े हैं और अब उनके प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की पूरी संभावना है। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि लाबुशेन मध्यक्रम को मजबूती देंगे और भारत के खिलाफ रन बना कर ग्रीन की कमी पूरी करेंगे।



