Ayodhya Diwali 2025: देशभर में दिवाली की तैयारियां जोरों पर हैं और इसी बीच यह सवाल सभी के मन में है कि अयोध्या में दिवाली 20 या 21 अक्टूबर 2025 को मनाई जाएगी? बता दें कि इस बार अमावस्या तिथि 20 और 21 अक्टूबर दोनों दिन पड़ रही है, जिस कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, धार्मिक गणना के अनुसार अयोध्या में दिवाली का पर्व 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार) को मनाया जाएगा, जबकि दीपोत्सव का भव्य आयोजन 19 अक्टूबर को किया जाएगा। आइए विस्तार से जानते है…
अयोध्या में दिवाली कब होगी?
पंचांग के अनुसार, इस वर्ष 20 अक्टूबर 2025 को अमावस्या तिथि और प्रदोष काल का संयोग बन रहा है। इसी दिन लक्ष्मी पूजन का शुभ समय भी रहेगा।
लक्ष्मी पूजन मुहूर्त: शाम 07:16 बजे से रात 08:25 बजे तक
निशिता कालीन मुहूर्त: रात 11:46 से 12:37 बजे तक
इस दिन श्रद्धालु मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
अयोध्या दीपोत्सव 2025 की तारीख और आयोजन
अयोध्या का दीपोत्सव विश्वप्रसिद्ध आयोजन है, जो भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है। इस बार दीपोत्सव 19 अक्टूबर 2025 (रविवार) को होगा। इस अवसर पर 26 लाख 11 हजार 101 दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पिछले वर्ष का 25 लाख दीयों का रिकॉर्ड तोड़ा जाएगा। वहीं आयोजन की शुरुआत सुबह से ही हो जाएगी और शाम 7 बजे से सरयू तट पर दीप जलाने का कार्य आरंभ होगा। बता दें कि कार्यक्रम में लेजर लाइट शो, ग्रीन आतिशबाजी, रामलीला और सरयू आरती जैसे कई आकर्षक आयोजन होंगे।
क्यों खास है अयोध्या की दिवाली?
अयोध्या की दिवाली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के विजय और घर वापसी का प्रतीक है। मान्यता है कि जब भगवान राम 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर रावण का वध करके अयोध्या लौटे थे, तब नगरवासियों ने उनके स्वागत में घी के दीपक जलाकर पूरी नगरी को प्रकाशमय बना दिया था। तभी से दिवाली का यह पर्व शुरू हुआ, और आज यह उत्सव विश्व रिकॉर्ड बनाने वाला आयोजन बन चुका है।



