Israel Hamas ceasefir : मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच इजरायल और अमेरिका के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। आपको बता दें कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि “इजरायल अमेरिका का गुलाम नहीं है, वह अपनी सुरक्षा खुद तय करने में सक्षम है।” यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच गाजा सीजफायर (युद्धविराम) पर समझौता कराने की कोशिशें जारी हैं।
दरअसल, ट्रंप प्रशासन की ओर से अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इजरायल पहुंचे थे ताकि गाजा में जारी संघर्ष को रोकने और शांति स्थापित करने के लिए आगे की रणनीति पर चर्चा की जा सके। बैठक के बाद नेतन्याहू का यह बयान सामने आया, जिसने अमेरिकी सियासत में हलचल मचा दी है।
नेतन्याहू का तीखा रुख
नेतन्याहू ने सख्त लहजे में कहा, “कुछ लोग मानते हैं कि अमेरिका इजरायल को चलाता है, जबकि कुछ लोग कहते हैं कि इजरायल अमेरिका को नियंत्रित करता है। ये सभी बातें पूरी तरह निराधार हैं। इजरायल और अमेरिका के बीच एक मजबूत और स्वतंत्र साझेदारी है, लेकिन हमारी सुरक्षा और नीतियां हम खुद तय करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ इजरायल का गठबंधन मिडिल ईस्ट की दिशा बदलने वाला संबंध है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इजरायल अपनी नीति पर किसी के दबाव में काम करेगा।
नेतन्याहू तोड़ सकते हैं गाजा सीजफायर?
सूत्रों के मुताबिक, नेतन्याहू के इस बयान के बाद ट्रंप प्रशासन में यह चिंता बढ़ गई है कि कहीं इजरायल गाजा युद्धविराम समझौते से पीछे न हट जाए। अगर ऐसा होता है, तो मध्य पूर्व में एक बार फिर बड़े पैमाने पर हिंसा भड़क सकती है।
वहीं, जेडी वेंस ने कहा कि “गाजा में शांति बनाए रखना बेहद चुनौतीपूर्ण काम है। हम चाहते हैं कि इजरायल हमारे सहयोगी के रूप में क्षेत्र में स्थिरता लाए।” उन्होंने यह भी कहा कि अब्राहम समझौते (Abraham Accords) को आगे बढ़ाने से क्षेत्रीय शांति को मजबूती मिलेगी।



