होशियारपुर: कहते हैं कि किस्मत कब बदल जाए, कोई नहीं जानता। ऐसा ही कुछ हुआ होशियारपुर के एक परिवार के साथ, जब उनके 11 वर्षीय बेटे की जिद्द ने उन्हें रातों-रात करोड़पति बना दिया। पंजाब स्टेट डियर लॉटरी दिवाली बंपर 2025 के ड्रा ने इस परिवार की जिंदगी बदल दी।
जानकारी के अनुसार, पंजाब स्टेट लॉटरी विभाग द्वारा 31 अक्टूबर की रात 8 बजे लुधियाना कैंप कार्यालय में दिवाली बंपर 2025 का लाइव ड्रा निकाला गया। इस ड्रा में कुल ₹38 करोड़ के इनाम घोषित किए गए। इन्हीं में से एक टिकट पर ₹1 करोड़ का इनाम होशियारपुर के एक डीलर के नाम निकला।
विजेता ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के घर लुधियाना आया हुआ था। शाम को उसका 11 साल का बेटा लॉटरी टिकट खरीदने की जिद्द करने लगा। बेटे की खुशी के लिए उसने घंटाघर चौक स्थित गांधी ब्रदर्स की दुकान से पाँच आखिरी बची टिकटें खरीद लीं। किसे पता था कि उन्हीं में से एक टिकट उनकी किस्मत का दरवाज़ा खोल देगी।
जैसे ही परिणाम घोषित हुए और ₹1 करोड़ की जीत की खबर मिली, पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। घर में मिठाइयाँ बाँटी गईं और मोहल्ले में ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर भांगड़ा हुआ। लॉटरी स्टॉल मालिक ने भी इस खुशी में लोगों को मिठाइयाँ खिलाईं।
लॉटरी विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की कि ₹1 करोड़ की राशि आधिकारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विजेता को सौंपी जाएगी। इस अप्रत्याशित जीत से न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। विजेता ने मुस्कुराते हुए कहा, “यह सब मेरे बेटे की जिद्द का नतीजा है, उसकी वजह से आज हमारी दिवाली सच में रौशन हो गई।”



