Jammu Kashmir Encounter: आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जम्मू-कश्मीर में लगातार जारी है। ताज़ा जानकारी के मुताबिक, सुबह किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो देर शाम तक जारी रही। इस दौरान एक जवान घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए नज़दीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना ने बताया कि घायल जवान की हालत फिलहाल स्थिर है।
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि “आज सुबह जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ समन्वय में एक खुफिया इनपुट के आधार पर छत्रू क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हुई। ऑपरेशन अभी भी जारी है।”

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान तड़के शुरू हुआ था, जब जम्मू-कश्मीर पुलिस को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली। पुलिस और सेना की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान आतंकियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ में कम से कम दो से तीन आतंकवादी शामिल हैं, जो इलाके के घने जंगलों और पहाड़ियों में छिपे हुए हैं। क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं और सभी रास्ते सील कर दिए गए हैं ताकि आतंकियों के भागने की कोई गुंजाइश न रहे।
किश्तवाड़, डोडा और उधमपुर जिलों की सीमावर्ती यह पट्टी हाल के महीनों में आतंकवादी गतिविधियों के कारण संवेदनशील बनी हुई है। पिछले सात महीनों में इस क्षेत्र में छह मुठभेड़ें हो चुकी हैं, जिनमें कई आतंकियों को ढेर किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तान से घुसपैठ कर कुछ आतंकी इन दुर्गम पहाड़ी इलाकों में छिपे हुए हैं।
वरिष्ठ सैन्य और पुलिस अधिकारी मौके की स्थिति पर करीबी नज़र रखे हुए हैं। स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को देने की अपील की गई है। फिलहाल, क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज़ी से जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों ओर से घेर रखा है।



