CM Ladli Behna Yojana : मध्य प्रदेश सरकार ने ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के अंतर्गत दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि में महत्वपूर्ण बढ़ोत्तरी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया कि अब महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इससे पहले सितंबर 2023 से यह राशि 1250 रुपए प्रति महीना दी जा रही थी, जबकि मार्च 2023 में योजना शुरू होने पर महिलाओं को 1000 रुपए मासिक सहायता दी जाती थी।
250 रुपए की वृद्धि का फैसला
कैबिनेट की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया कि योजना में 250 रुपए की वृद्धि की जाए, ताकि राज्य की महिलाओं को अधिक आर्थिक सहयोग मिल सके। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही अब नवंबर 2025 से महिलाओं के खातों में 1500 रुपए की मासिक सहायता भेजी जाएगी। योजना से लाभान्वित होने वाली महिलाओं की संख्या करीब 1 करोड़ 26 लाख है।
12 नवंबर को खाते में आएगी राशि
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 12 नवंबर को सिवनी में आयोजित बड़े कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के खातों में बढ़ी हुई सहायता राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं लाभार्थी महिलाओं से संवाद करेंगे और योजना की प्रगति पर जानकारी साझा करेंगे।
अतिरिक्त बजट की आवश्यकता
राशि बढ़ाए जाने के बाद योजना पर खर्च भी बढ़ेगा। वित्त विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 1,793 करोड़ 75 लाख रुपए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता पड़ेगी। पूरे वित्तीय वर्ष के लिए इस योजना पर 20,450 करोड़ 99 लाख रुपए व्यय होने का अनुमान है।
अद्वैत लोक परियोजना का बजट भी बढ़ा
कैबिनेट बैठक में सिर्फ लाड़ली बहना योजना ही नहीं, बल्कि ओंकारेश्वर में बन रहे आचार्य शंकर संग्रहालय ‘अद्वैत लोक’ से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। जून 2025 में इस परियोजना की लागत 2195 करोड़ 54 लाख रुपए मंजूर की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 2424 करोड़ 369 लाख रुपए कर दिया गया है।
108 फीट ऊंची प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र
संस्कृति विभाग के अनुसार ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना के तहत आचार्य शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची बहुधातु प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही शंकराचार्य के दर्शन और जीवन पर आधारित संग्रहालय ‘अद्वैत लोक’, अंतरराष्ट्रीय वेदांत संस्थान और अद्वैत निलयम का निर्माण भी शामिल है।



