Gold Silver Price Today: फेस्टिव सीजन खत्म होने के बाद भी कीमती सोने और चांदी की चमक कम नहीं हुई है। 13 नवंबर, गुरुवार को घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों के दामों में तेज उछाल देखने को मिला। यह बदलाव निवेशकों के लिए खुशखबरी और आभूषण खरीदारों के लिए चुनौती दोनों लेकर आया है। जहां निवेशकों के पोर्टफोलियो में रिटर्न बढ़ा है, वहीं शादी और त्योहार के मौसम में आभूषण खरीदने वाले महंगे दामों का सामना कर सकते हैं।
सोने की कीमतों में तेजी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह 11 बजे तक सोना 523 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था। सुबह के सत्र में सोने का भाव 1,27,030 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। इस दौरान सोने का न्यूनतम भाव 1,26,337 रुपये और अधिकतम 1,27,271 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। एक्सपर्ट्स के अनुसार, डॉलर की कमजोरी और अमेरिका में ब्याज दरों के अस्थिर रुख के कारण सोने में खरीदारी बढ़ी है। इसके अलावा, मध्य पूर्व और यूरोप में भू-राजनीतिक तनाव ने सोने को निवेशकों के लिए सुरक्षित विकल्प बना दिया है।
चांदी ने भी दिखाई रफ्तार
वही अगर चांदी के दामों की बात करें तो सुबह 11 बजे तक जबरदस्त तेजी देखी गई। एमसीएक्स पर चांदी 3,005 रुपये प्रति किलो बढ़कर 1,65,096 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। ट्रेडिंग के दौरान इसका न्यूनतम भाव 1,63,000 रुपये और अधिकतम 1,65,818 रुपये प्रति किलो रहा। विश्लेषकों का कहना है कि औद्योगिक मांग में सुधार और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेक्टर से बढ़ती खपत ने चांदी को तेज रफ्तार दी है। चांदी का इस्तेमाल न केवल आभूषणों में, बल्कि सोलर पैनल और मेडिकल उपकरणों में भी तेजी से बढ़ रहा है।
निवेशकों के लिए रणनीति
वहीं विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि पहले से सोने या चांदी में निवेश करने वाले निवेशक फिलहाल मुनाफावसूली से बचें। वहीं नए निवेशक धीरे-धीरे हर गिरावट का फायदा उठाकर खरीदारी कर सकते हैं। अनुमान है कि आने वाले महीनों में दोनों धातुओं के दाम और बढ़ सकते हैं।



