ATVM machine: रेलवे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आपको बता दें कि अब रेलवे यात्रियों को जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशनों पर लंबी कतार में खड़ा होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दरअसल भारतीय रेलवे ने देशभर के स्टेशनों पर ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (AVTM) लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इन मशीनों की मदद से यात्रियों को टिकट लेने में आसानी होगी और समय भी बचेगा।
खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर टिकट काउंटर पर लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार यात्रियों की ट्रेन भी काउंटर की धीमी गति या कतार में समय गंवाने की वजह से छूट जाती है। ऐसे समय में AVTM मशीन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
AVTM मशीन का इस्तेमाल करना बेहद सरल है। इस मशीन के जरिए केवल अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट ही नहीं, बल्कि सीजन टिकट का नवीनीकरण भी किया जा सकता है। टिकट बुकिंग के लिए दो प्रमुख भुगतान विकल्प उपलब्ध हैं UPI के जरिए मोबाइल पेमेंट और रेलवे द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड।
रेलवे स्टेशन पर लगे AVTM का कैसे करें यूज
–टिकट बुक करने के लिए सबसे पहले स्टेशन पर लगे AVTM पर जाएं और स्क्रीन पर मौजूद मैप की मदद से अपना गंतव्य चुनें।
–इसके बाद यात्रा का रूट और टिकट की संख्या का चयन करें।
–पेमेंट विकल्प में आपको स्मार्ट कार्ड, रेल वॉलेट या QR कोड के माध्यम से UPI भुगतान का विकल्प मिलेगा।
–यदि आप स्मार्ट कार्ड का उपयोग करते हैं, तो इसे रीडर में रखें और भुगतान होने के बाद टिकट प्राप्त करें।
–UPI के माध्यम से भुगतान करने के लिए QR कोड स्कैन करें और अपने फोन के UPI ऐप से ट्रांजैक्शन पूरा करें।
–वहीं, रेल वॉलेट के लिए UTS ऐप में लॉगिन कर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और OTP की मदद से भुगतान करें।
भारतीय रेलवे ने बड़े और व्यस्त स्टेशनों पर AVTM की संख्या बढ़ा दी है। इसका उद्देश्य यात्रियों को लंबे समय तक कतार में खड़ा रहने से बचाना और यात्रा को सहज, सुरक्षित और तेज बनाना है। अब सिर्फ कुछ मिनटों में ही जनरल, प्लेटफॉर्म और सीजन टिकट आसानी से बुक किए जा सकते हैं।



