पंजाब डेस्क : पंजाब में पुलिस ने एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करते हुए कुख्यात गैंगस्टर हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। आपको बता दें कि 32 वर्षीय हैरी जज नगर मोहकमपुरा का रहने वाला था और हाल ही में वह केंद्रीय जेल से जमानत पर बाहर आया था। एनकाउंटर के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हैरी अपने साथी सन्नी के साथ मोटरसाइकिल पर था। सन्नी, जो अटारी का निवासी है, गोलीबारी के समय मौके से फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं।
पुलिस कमिश्नर ने खुलासा किया कि हैरी का नेटवर्क केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं था। वह विदेशी गैंगस्टरों और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से सीधे जुड़े थे। इन संपर्कों के माध्यम से ड्रोन के जरिए भारत में हथियार और नशे की खेप पहुंचाई जाती थी। एनकाउंटर के समय पुलिस ने हैरी के पास से दो पिस्टल बरामद की हैं, जिनकी जांच जारी है।
हरजिंदर सिंह पर अमृतसर और पठानकोट में पांच गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। जेल से रिहा होने के बाद वह तुरंत अपने पुराने गैंग के संपर्कों में वापस आ गया। पुलिस ने उसके सभी पुराने केस फिर से खोल दिए हैं और उसकी कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डिटेल और संपर्कों की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज के अपराधी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल गुप्त योजना बनाने के लिए कर रहे हैं। हैरी वर्चुअल नंबर, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य ऐप्स के माध्यम से अपने गैंग के साथ संपर्क में रहता था। अमृतसर में हाल ही में हुई कुछ बड़ी वारदातों में भी हैरी की भूमिका होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया जाएगा और हर सदस्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष टीमें इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।



