जम्मू-कश्मीर पुलिस: जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने शुक्रवार को श्रीनगर और गांदरबल जिलों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। आपको बता दें कि यह कार्रवाई ‘व्हाइट कॉलर’ आतंकी मॉड्यूल की जांच के तहत की गई। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी तड़के शुरू हुई और इसमें कई स्थानों पर तलाशी ली गई।
तुफैल भट के आवास पर भी छापेमारी
एसआईए की टीम ने श्रीनगर के बटमालू इलाके के दियारवानी में तुफैल भट के आवास पर भी छापा मारा। पिछले महीने तुफैल भट को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि इन छापेमारीयों का उद्देश्य इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों और उनके ठिकानों की जानकारी जुटाना है।
‘व्हाइट कॉलर’ आतंकी मॉड्यूल का उद्देश्य पेशेवरों, विशेषकर डॉक्टरों, उग्र विचारधारा अपनाने के लिए प्रभावित करना बताया गया है। अधिकारियों ने कहा कि इस मॉड्यूल से जुड़े कुछ सदस्य 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के पास हुई कार धमाके जैसी घटनाओं में शामिल पाए गए।
जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच अभी भी जारी है और छापेमारी के दौरान जुटाई गई जानकारी की समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही संदिग्धों के नेटवर्क और उनके वित्तीय लेन-देन की जांच भी की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। राज्य पुलिस का यह अभियान आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ उनके निरंतर प्रयास का हिस्सा है।



