Google Search: आज के समय में Google हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। किसी भी नई जानकारी, समस्या या जिज्ञासा का समाधान खोजने में हम सबसे पहले इंटरनेट की ओर रुख करते हैं। लेकिन साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ लगातार यह चेतावनी देते रहे हैं कि ऑनलाइन हर चीज सर्च करना सुरक्षित नहीं होता। कुछ खोजें ऐसी हैं, जो न सिर्फ कानूनी रूप से गलत हैं, बल्कि आपकी डिजिटल गतिविधियों को सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर भी ले जाती हैं।
ड्रग्स, हथियार और डार्क वेब से जुड़े सर्च पर सख्त निगरानी
साइबर क्राइम यूनिट्स, पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल एजेंसियां इंटरनेट पर होने वाली अवैध गतिविधियों की निगरानी 24×7 करती हैं। ड्रग्स खरीदने के तरीके, अवैध हथियारों की डील, चोरी किए गए डेटा या डार्क वेब मार्केट से जुड़े शब्दों की खोज को हाई-रिस्क कैटेगरी में रखा जाता है। डिजिटल सिस्टम ऐसे सर्च पैटर्न को तुरंत फ़्लैग कर देता है। यदि कोई व्यक्ति बार-बार ऐसे कीवर्ड इस्तेमाल करता है, तो उसकी ऑनलाइन गतिविधियों की विस्तृत जांच, डिवाइस की फॉरेंसिक एनालिसिस और पूछताछ तक की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
विस्फोटक बनाने की जानकारी खोजना गंभीर अपराध
राष्ट्र सुरक्षा से जुड़े मामलों में निगरानी और भी कड़ी है। “बम कैसे बनाएं”, “एक्सप्लोसिव का फॉर्मूला”, या किसी भी तरह के घरेलू विस्फोटक की जानकारी से संबंधित खोजें सीधे सुरक्षा एजेंसियों का अलर्ट ट्रिगर कर देती हैं। कानून के अनुसार, ऐसे कंटेंट को खोजना या उससे संबंधित जानकारी संग्रहित करना भी आपराधिक इरादा माना जा सकता है। कई मामलों में संदिग्ध खोजों के आधार पर लोगों के डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं और उनसे पूछताछ भी की गई है।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी: इंटरनेट का सबसे बड़ा अपराध
बच्चों से जुड़े किसी भी तरह के यौन शोषण सामग्री को खोजना, देखना या डाउनलोड करना भारत में सबसे गंभीर अपराधों में गिना जाता है। POCSO एक्ट और IT एक्ट के तहत ऐसे मामलों में लंबी जेल सजा, भारी जुर्माना और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जब्ती जैसी सख्त कार्रवाइयाँ शामिल हैं। साइबर सेल के अधिकारियों का कहना है कि “गलती से खोजी गई सामग्री” भी यदि संदिग्ध पैटर्न दिखाए, तो जांच से बचना मुश्किल है।
सावधानी ही सुरक्षा
इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय यह जरूरी है कि हम अपनी डिजिटल गतिविधियों के प्रति सचेत रहें। गलत सर्च न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि अनजाने में भी खुद को अनावश्यक परेशानियों में डाल सकता है।



