लाइफस्टाइल डेस्क : आज की तेज रफ्तार जिंदगी और मिलावटी खानपान के कारण शरीर को पूरा पोषण मिल पाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे मे सही मात्रा में विटामिन न मिलने से थकान, कमजोरी और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि कौन से विटामिन रोजाना लेने जरूरी हैं और कौन से विटामिन शरीर में स्टोर होकर बाद में काम आते हैं। तो आइए खबर में विस्तार से जानते हैं…
विशेषज्ञों के अनुसार, विटामिन को मुख्य रूप से दो श्रेणियों में बांटा जाता है-वॉटर सॉल्युबल और फैट सॉल्युबल विटामिन।
रोजाना जरूरी विटामिन (वॉटर सॉल्युबल): वॉटर सॉल्युबल विटामिन पानी में घुल जाते हैं और शरीर में लंबे समय तक जमा नहीं रह पाते। जरूरत से ज्यादा मात्रा पेशाब के जरिए बाहर निकल जाती है, इसलिए इनका रोज सेवन जरूरी होता है। इस श्रेणी में विटामिन C और बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन शामिल हैं। बी-कॉम्प्लेक्स में विटामिन B1, B2, B3, B5, B6, B7 और B9 आते हैं। ये विटामिन एनर्जी बढ़ाने, इम्यून सिस्टम मजबूत करने और नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। हालांकि विटामिन B12 और फोलेट (B9) की थोड़ी मात्रा लिवर में जमा हो सकती है, फिर भी सामान्य तौर पर इन्हें भी नियमित रूप से लेना बेहतर माना जाता है।
शरीर में स्टोर होने वाले विटामिन (फैट सॉल्युबल): फैट सॉल्युबल विटामिन वसा में घुलनशील होते हैं और शरीर के लिवर, मांसपेशियों और फैट टिश्यू में जमा हो जाते हैं। इस कारण इन्हें हर दिन लेने की अनिवार्यता नहीं होती। इस सूची में विटामिन A, D, E और K शामिल हैं। जब आहार से इनकी मात्रा कम हो जाती है, तब शरीर अपने संग्रहित विटामिन का उपयोग करता है। हालांकि इनका जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसानदायक भी हो सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की डाइट में बदलाव, सप्लीमेंट लेने या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।



