Alex Carey: एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें एडिलेड के मैदान पर आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार खेल दिखाते हुए मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम ने 371 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 286 रनों पर सिमट गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 85 रनों की अहम बढ़त मिली।
दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया ने मजबूत शुरुआत की और खबर लिखे जाने तक चार विकेट खोकर 271 रन बना लिए हैं। कुल बढ़त अब 350 से ज्यादा रनों की हो चुकी है। इस बेहतरीन प्रदर्शन के पीछे विकेटकीपर-बल्लेबाज एलेक्स कैरी की अहम भूमिका रही है, जिन्होंने दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी की।
पहली पारी में कैरी ने जिम्मेदारी संभालते हुए बेहतरीन शतक जड़ा। उन्होंने 143 गेंदों का सामना करते हुए 106 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनके इस संयमित और प्रभावी शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया एक मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद कैरी ने एक बार फिर पारी को संभाला। उन्होंने दबाव में खेलते हुए अर्धशतक पूरा किया और 91 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस प्रदर्शन के साथ ही एलेक्स कैरी ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह एशेज टेस्ट में दोनों पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के तीसरे विकेटकीपर बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा इयान हीली ने 1995 में और ब्रैड हैडिन ने 2013 में किया था। 12 साल बाद कैरी ने यह उपलब्धि हासिल कर अपना नाम ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सुनहरे पन्नों में दर्ज करा लिया है।



