Punjab News: पंजाब के अमृतसर जिले में 8वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) ने बताया कि, ये परीक्षा स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग, पंजाब द्वारा 4 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी।
NMMSS और PSTSE की संयुक्त परीक्षा होगी
परीक्षा जिले के 17 विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। 8वीं कक्षा के छात्रों के लिए नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) और पंजाब स्टेट टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन (PSTSE) की संयुक्त परीक्षा होगी, जबकि 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए केवल PSTSE परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
6000 से अधिक छात्र देंगे परीक्षा
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, 8वीं और 10वीं कक्षा की संयुक्त परीक्षा में कुल 3086 छात्र भाग लेंगे, वहीं केवल 10वीं कक्षा की PSTSE परीक्षा में 2956 छात्र शामिल होंगे। इस प्रकार, जिले के कुल 6000 से अधिक छात्र छात्रवृत्ति पाने के लिए परीक्षा में शामिल होंगे।
सभी तैयारियां पूरी, माता-पिता से सहयोग की अपील
राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, अनुशासन और आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम किया गया है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को परीक्षा के लिए प्रेरित करें और समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में उनकी मदद करें। जिला शिक्षा अधिकारी ने यह भी बताया कि यह छात्रवृत्ति परीक्षा छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।



