BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया के स्क्वॉड में अहम बदलाव किया है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद उनकी जगह अनुभवी पेसर मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है।
दरअसल, हर्षित राणा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। यह मुकाबला 4 फरवरी 2026 को नवी मुंबई में खेला गया था। घुटने में चोट लगने के बाद राणा को तुरंत मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर पाई गई।
घुटने की गंभीर चोट बनी बाहर होने की वजह
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, हर्षित राणा के घुटने के बाहरी हिस्से (लेटरल मेनिस्कस) में चोट आई है, जिससे सूजन और तेज दर्द की शिकायत सामने आई। इस चोट के कारण उनके मूवमेंट पर भी असर पड़ा। जांच के बाद मशहूर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनशॉ पारदीवाला ने सर्जरी की सलाह दी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने स्पष्ट कर दिया कि बिना ऑपरेशन के उनकी रिकवरी संभव नहीं है, इसलिए उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह मोहम्मद सिराज को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। बोर्ड ने राणा के जल्द ठीक होने की कामना भी की है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की संशोधित टीम
भारत का अपडेटेड स्क्वॉड इस प्रकार है: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर और मोहम्मद सिराज।
7 फरवरी से शुरू होगा टूर्नामेंट
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है। पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। टीम इंडिया भी शनिवार को अपना पहला मैच खेलेगी, जहां उसका सामना अमेरिका (USA) से होगा।



