Meta News: इंस्टाग्राम पर बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक विज्ञापनों के मामले को लेकर उठे विवाद के बीच मेटा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा उसके लिए बेहद अहम मुद्दा है और ऐसे कंटेंट को रोकने के लिए उसके पास कई तरह के सुरक्षा सिस्टम मौजूद हैं।
दरअसल, सरकार की ओर से हाल ही में इंस्टाग्राम पर बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर मेटा के अधिकारियों को नोटिस भेजा गया था। इसके बाद कंपनी ने सफाई देते हुए कहा कि वह इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है।
मेटा ने कहा- ऐसे कंटेंट को लेकर सख्त हैं
मेटा ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बच्चों का शोषण एक गंभीर अपराध है और कंपनी फेसबुक व इंस्टाग्राम दोनों प्लेटफॉर्म पर ऐसे मामलों को रोकने के लिए लगातार काम करती है।
कंपनी के मुताबिक, भारत में इंस्टाग्राम विज्ञापनों को लेकर सामने आई शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। मेटा ने स्पष्ट किया कि वह कभी भी ऐसे कंटेंट को अपने प्लेटफॉर्म पर बनाए रखने या बढ़ावा देने की अनुमति नहीं देता।
सिस्टम ने पहले ही कर दी थी कार्रवाई
मेटा ने बताया कि जैसे ही इन विज्ञापनों की जानकारी सामने आई, उसके ऑटोमेटेड सिस्टम ने कई आपत्तिजनक विज्ञापनों की पहचान कर उन्हें हटा दिया। इसके साथ ही जिन अकाउंट्स से ये कंटेंट शेयर किया गया था, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
कंपनी ने कहा कि मामले की जांच अभी भी जारी है। इसके तहत संदिग्ध विज्ञापनों, संबंधित अकाउंट्स और लिंक की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
लाखों संदिग्ध अकाउंट्स पर हुई कार्रवाई
मेटा ने यह भी कहा कि यह दावा गलत है कि कंपनी जानबूझकर बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट को बढ़ावा देती है। कंपनी के अनुसार, वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य तकनीकों की मदद से ऐसे कंटेंट और संदिग्ध गतिविधियों वाले अकाउंट्स की पहचान करती है।
मेटा ने बताया कि इस साल उसने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 40 लाख अकाउंट्स को हटाया है। कंपनी का कहना है कि वह प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही है।
