सरकारी नौकरी डेस्क: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने गन्ना पर्यवेक्षक के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिए कुल 1182 पदों को भरा जाएगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 28 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन PET 2025 के स्कोर के आधार पर किया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 21 साल से 40 साल के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कृषि विषय में बीएससी (B.Sc Agriculture) की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा DOEACC या NIELIT से CCC कंप्यूटर सर्टिफिकेट भी जरूरी है।
PET 2025 पास होना जरूरी
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का UPSSSC PET 2025 परीक्षा में शामिल होना आवश्यक है। PET में प्राप्त अंकों के आधार पर योग्य उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना जाएगा।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित उम्मीदवारों को वेतन स्तर-4 के तहत 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये प्रति माह तक सैलरी मिलेगी। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य भत्तों का लाभ भी दिया जाएगा।
कैसे होगा चयन?
भर्ती प्रक्रिया में पहले PET 2025 स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग होगी। इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। अंतिम चयन परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा।
परीक्षा का पैटर्न
मुख्य परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय दिया जाएगा। लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट तैयार होगी।
आवेदन शुल्क
इस भर्ती में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है। इसमें सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं।
ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती के आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
PET 2025 रजिस्ट्रेशन नंबर से लॉगिन करें।
मांगी गई जानकारी और CCC सर्टिफिकेट की डिटेल भरें।
जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
आवेदन फॉर्म जमा करके उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
