School Closed : मॉनसून की तेज बारिश ने कई इलाकों में परेशानी बढ़ा दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे आम लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं।
गाजियाबाद में 12वीं तक के स्कूल बंद
गाजियाबाद में बुधवार शाम से लगातार हो रही बारिश के बाद जिला प्रशासन ने 9 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार, भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्रों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान घर पर रहें और समय का उपयोग पढ़ाई से जुड़े काम पूरे करने में करें।
मथुरा और हाथरस में भी स्कूलों की छुट्टी
बारिश के कारण मथुरा और हाथरस जिलों में भी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। यहां कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। भारी बारिश से इन जिलों में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है। नोएडा और गाजियाबाद समेत प्रदेश के सभी जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। राहत और बचाव से जुड़ी टीमों को भी तैयार रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
