पंजाब डेस्क : पंजाब के जालंधर शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता लक्की ओबेरॉय की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक गोलियां बरसा दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की, जिसमें लक्की ओबेरॉय को कई गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में करीब पांच गोलियां लगी थीं।
हमले के दौरान उनकी कार को भी निशाना बनाया गया। गोलियों से वाहन के शीशे टूट गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



