Afghan Cricketers Death: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव अब क्रिकेट की दुनिया तक पहुंच गया है। अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में पाकिस्तानी सेना की एयरस्ट्राइक में तीन युवा क्रिकेटर्स की मौत हो गई, जिससे पूरे क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हमले में कबीर आगा, सिब्गतुल्लाह और हारून नाम के तीन उभरते क्रिकेटरों ने अपनी जान गवा दी है।
इस घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 ट्राई सीरीज में खेलने से साफ इनकार कर दिया है। यह सीरीज पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच होनी थी, लेकिन अब अफगानिस्तान ने सुरक्षा और नैतिक कारणों से भाग लेने से मना कर दिया है।
इस दुखद घटना पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सचिव देवजीत सैकिया की ओर से जारी बयान में कहा गया, “BCCI पक्तिका प्रांत में हुए कायराना हमले की कड़ी निंदा करता है। हम अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट समुदाय और मृतक खिलाड़ियों के परिवारों के साथ एकजुटता में खड़े हैं।” उन्होंने इसे “बेगुनाह और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की असमय मौत” बताया, जो पूरे क्रिकेट जगत के लिए दुखद है।
वहीं ICC चेयरमैन जय शाह ने भी सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना जताई। उन्होंने लिखा, “तीन अफगान क्रिकेटर्स की मौत से बेहद दुखी हूं। यह हिंसा न केवल अफगानिस्तान क्रिकेट बल्कि पूरे क्रिकेट परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है।”
इस घटना के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़े एक्शन की मांग फिर से तेज हो गई है। कई क्रिकेट बोर्ड और फैंस पाकिस्तान पर ICC से बैन लगाने की मांग कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ICC इस मामले में क्या कदम उठाता है।



