Benefits Of Beetroot Juice With Lemon: आज के व्यस्त जीवन में हेल्दी और एनर्जेटिक बने रहने के लिए सही डाइट का महत्व बढ़ गया है। ऐसे में चुकंदर और नींबू का जूस आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। दिन की शुरुआत खाली पेट इस जूस के सेवन से न केवल शरीर को ऊर्जा मिलती है, बल्कि कई स्वास्थ्य संबंधी लाभ भी मिलते हैं।
एमडीपीआई द्वारा प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, चुकंदर में नाइट्रेट की मात्रा अधिक होती है, जो मांसपेशियों और मस्तिष्क तक ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ाने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से थकान कम होती है और दिन भर शरीर सक्रिय रहता है। नींबू विटामिन सी से भरपूर होने के कारण आयरन के अवशोषण में मदद करता है और शरीर को डिटॉक्स करने में कारगर साबित होता है।
चुकंदर का जूस पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद है। इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होने से यह आंतों को स्वस्थ रखता है और कब्ज, गैस या एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। वहीं, नींबू के एंटीऑक्सीडेंट गुण थकान कम करने और एंटी-एजिंग प्रभाव में मदद करते हैं।
वजन कम करने के इच्छुक लोगों के लिए भी यह जूस लाभकारी है। यह शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है, जिससे वजन घटाने की प्रक्रिया आसान होती है। त्वचा की बात करें तो चुकंदर और नींबू मिलकर रक्त संचार को बेहतर बनाते हैं और त्वचा में प्राकृतिक चमक लाते हैं। नींबू का विटामिन सी कोलेजन निर्माण में मदद करता है, जिससे त्वचा में लचीलापन और ग्लो आता है।
विशेषज्ञों का सुझाव है कि चुकंदर का जूस लगातार लंबे समय तक न पीएं। इसे 10-15 दिनों तक नियमित रूप से पीने के बाद कुछ दिन का ब्रेक लेना चाहिए। इसके अलावा, एक दिन में एक गिलास से अधिक जूस का सेवन नहीं करना चाहिए।
अंत, चुकंदर और नींबू का जूस न केवल शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि इम्यूनिटी बढ़ाने, पाचन सुधारने, त्वचा निखारने और वजन नियंत्रित रखने में भी सहायक है। हालांकि, किसी भी हेल्थ रूटीन को अपनाने से पहले विशेषज्ञ या चिकित्सक की सलाह लेना हमेशा जरूरी है।



