Walnuts Per Day: अखरोट का नाम आते ही दादी-नानी की वह सीख याद आ जाती है जिसमें वे दिमाग और दिल के लिए इसे सबसे बेहतर ड्राई फ्रूट बताती थीं। आधुनिक रिसर्च भी इस बात को काफी हद तक समर्थन देती है कि अखरोट नियमित रूप से और सीमित मात्रा में खाने से शरीर को कई तरह के फायदे मिलते हैं। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि इसे जरूरत से ज्यादा खाया जाए। सही मात्रा और सही तरीका ही अखरोट को वास्तव में लाभकारी बनाते हैं।
कितने अखरोट खाने चाहिए?
आमतौर पर स्वस्थ व्यक्ति के लिए रोजाना 30 से 60 ग्राम अखरोट पर्याप्त माने जाते हैं। यह मात्रा लगभग 2 से 6 अखरोट के बराबर होती है। इस सीमा में रोज intake रखने से शरीर को ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स मिलते हैं। अगर कोई व्यक्ति इससे अधिक मात्रा में रोजाना अखरोट खाता है, तो उसे पाचन संबंधी समस्याएं, स्किन पर रिएक्शन या वजन बढ़ने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए संतुलन बेहद जरूरी है।
अखरोट खाने का सही तरीका
अखरोट को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाना सबसे उपयुक्त तरीका माना जाता है। भीगे हुए अखरोट शरीर में आसानी से पचते हैं और इनके पोषक तत्वों का अवशोषण भी बेहतर होता है। जिन लोगों का पाचन तंत्र कमजोर है, वे शुरुआत में 1–2 अखरोट ही अपनी डाइट में शामिल करें और धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाएं।
क्या हैं अखरोट के फायदे?
अखरोट को दिमागी स्वास्थ्य के लिए खास माना जाता है। इसमें मौजूद अच्छे फैट और एंटीऑक्सीडेंट दिमागी कार्यों में मदद करते हैं। यह दिल की सेहत को बेहतर करने, कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करने और हाई ब्लड प्रेशर के जोखिम को कम करने में भी सहायक है। वेट लॉस के दौरान भी अखरोट फायदेमंद साबित हो सकता है क्योंकि यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है। साथ ही यह ब्लड शुगर को बैलेंस रखने में मददगार होता है।
नोट: किसी भी तरह का बदलाव अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह जरूर लें।



