Earthquake : भारत के पड़ोसी देश चीन में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी (NCS) के अनुसार, यह भूकंप झिंजियांग प्रांत में सुबह 8:45 बजे आया और इसकी तीव्रता 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र अक्षांश 41.65° उत्तर और देशांतर 81.14° पूर्व पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन से मात्र 10 किलोमीटर नीचे थी। भूकंप आने के बाद स्थानीय लोगों ने हल्का कंपन महसूस किया, लेकिन अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली।
पिछले महीने भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे
चीन में पिछले महीने भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। 9 अक्टूबर को सिचुआन प्रांत के गांजी तिब्बती स्वायत्त प्रीफेक्चर के शिनलॉन्ग काउंटी में 5.4 तीव्रता का भूकंप आया था। चीन अर्थक्वेक नेटवर्क सेंटर (CENC) के अनुसार, उस भूकंप का केंद्र कंगदिंग शहर से लगभग 216 किलोमीटर दूर था और इसकी गहराई भी 10 किलोमीटर ही थी।
भारत के इस हिस्से में आया भूकंप
इसी दौरान, भारत के लद्दाख क्षेत्र के लेह में सोमवार रात 9:28 बजे (IST) भूकंप के झटके महसूस किए गए। एनसीएस के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.5 रही। इसका केंद्र लेह से लगभग 284 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम, करगिल के पास था। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई। झटके स्थानीय स्तर पर महसूस किए गए, लेकिन नुकसान की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत और चीन के उत्तरी इलाके भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आते हैं। ऐसे क्षेत्रों में छोटी-मोटी भू-कंपन आम हैं। हालांकि, दोनों देशों में अभी तक भूकंप से बड़े नुकसान या जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है।



