पंजाब डेस्क: पंजाब में आगामी तरनतारन उपचुनाव के बीच राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रत्याशी हरमीत सिंह सिद्धू के समर्थन में एक विशाल रोड शो किया, जिसमें उन्होंने राज्य की महिलाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार जल्द ही महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने की योजना को अमल में लाने जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना को आगामी बजट सत्र में मंजूरी दी जाएगी, जिसके बाद महिलाओं के खातों में सीधे राशि ट्रांसफर की जाएगी। “हमने जो वादा किया था, उसे निभा रहे हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार बोलती नहीं, काम करती है,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लोगों से 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में “झाड़ू” के निशान पर वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री नहीं, दुख मंत्री हूं। मैं जनता के सुख-दुख में साझेदारी निभाने आया हूं।”
मान ने किसानों और आम जनता की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वे खुद किसान परिवार से हैं और किसानों की मुश्किलों को भली-भांति समझते हैं। “सरकार का काम केवल कानून बनाना नहीं, बल्कि जनता की परेशानी सुनना और उसका हल निकालना है,” उन्होंने कहा।
रोड शो के दौरान सीएम मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी सरकार ने बिजली बिल माफ किए, युवाओं को रोजगार दिया, स्कूलों की व्यवस्था सुधारी और आम लोगों से सीधा संवाद कायम किया।
उन्होंने कहा कि तरनतारन क्षेत्र ने कठिन दौर देखे हैं, लेकिन अब समय है कि यह इलाका तरक्की की राह पर आगे बढ़े। बता दें कि मान ने कहा “अगर किसी घर के एक सदस्य को नौकरी मिल जाए, तो पूरा घर बदल जाता है। हमारी कोशिश है कि हर घर में रोजगार और खुशहाली पहुंचे।



