Delhi Car Blast : दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है आपको बता दें कि सोमवार शाम अचानक एक जोरदार धमाके से दहल उठी, जब लाल किले के पास खड़ी एक कार में भीषण विस्फोट हो गया। बता दें कि लगभग शाम 6:55 बजे, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के समीप यह धमाका हुआ, जिसने आसपास के इलाके में अफरातफरी मचा दी। चश्मदीदों के अनुसार देखते ही देखते कार आग के गोले में बदल गई और उठती लपटों ने बगल में खड़ी सात से आठ अन्य गाड़ियों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। धमाका इतना तेज था कि दूर-दूर तक धुआँ और आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
घटनास्थल पर मचा हाहाकार
विस्फोट के तुरंत बाद मौके पर भगदड़ मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कुछ ही मिनट में तीन-चार गाड़ियों में आग फैल गई और इलाके में घना धुआँ छा गया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचकर आग बुझाने में जुट गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई वाहन बुरी तरह जल चुके थे। कार के अंदर मौजूद कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। घायलों की संख्या बढ़कर 24 पहुँच गई है और सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मौके पर पहुँची दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम
धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम मौके पर पहुँची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में विस्फोट के कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस फिलहाल दो संभावनाओं पर काम कर रही है क्या यह धमाका सीएनजी सिलेंडर फटने से हुआ, या किसी विस्फोटक पदार्थ का उपयोग किया गया? फोरेंसिक टीम (SFL) के अधिकारी घटनास्थल से नमूने जुटा रहे हैं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए (NIA) और एनएसजी (NSG) की टीमें भी मौके पर पहुँच रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
दिल्ली-जयपुर सहित कई जगह अलर्ट घोषित
दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घटना के बाद जयपुर सहित आसपास के राज्यों में भी अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। शासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



