Delhi Police Busted Auto Theft Gang: दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ऑटो चोरी और अवैध हथियारों के एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की महंगी कारें, अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और आधुनिक ऑटो थेफ्ट उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी गाड़ियां चोरी कर उन्हें उत्तर प्रदेश, गुजरात समेत अन्य राज्यों में खपाने का काम करता था। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
दिल्ली पुलिस को 17 दिसंबर 2025 को एक विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात ऑटो लिफ्टर अवैध हथियारों के साथ पुष्प विहार इलाके में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया। तड़के करीब 3:30 बजे एशियन मार्केट रोड पर बिना नंबर प्लेट की एक काली हुंडई क्रेटा कार को आते देख पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार तीन आरोपियों अबरार उर्फ शहनवाज, आसिफ और अनीश को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट, प्रोग्रामेबल चाबियां और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक औजार बरामद किए गए।
जांच में हुए कई खुलासे
पुलिस जांच में पता चला कि बरामद हुंडई क्रेटा पहले ही अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र से चोरी की जा चुकी थी। इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर एक टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति ब्रेज़ा भी बरामद की गईं, जिनके संबंध में अलग-अलग थानों में पहले से मामले दर्ज थे।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं, जिससे यह साफ होता है कि यह एक पेशेवर और संगठित गिरोह था। दिल्ली पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की जांच जारी है।



