एंटरटेनमेंट डेस्क : रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की नई फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर ऐसा असर डाला है कि हर तरफ उसी की चर्चा हो रही है। 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में उतरी आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह स्पाई थ्रिलर दर्शकों और समीक्षकों दोनों की कसौटी पर खरी उतरती नजर आ रही है। सोशल मीडिया से लेकर सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स तक, फिल्म का क्रेज साफ दिखाई दे रहा है, जिसके चलते दूसरी फिल्मों के लिए टिके रहना चुनौती बन गया है।
कमाई की रफ्तार बरकरार
रिलीज के करीब तीन हफ्ते बाद भी ‘धुरंधर’ की कमाई में मजबूती बनी हुई है। भले ही 18वें दिन कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई और उस दिन फिल्म ने लगभग 16.5 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन वीकेंड आते ही कारोबार ने फिर से रफ्तार पकड़ ली। तीसरे रविवार को फिल्म ने करीब 38.5 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, 20वें दिन यानी तीसरे बुधवार को फिल्म ने 17.75 करोड़ रुपये जोड़े, जिससे भारत में इसका कुल कलेक्शन बढ़कर करीब 707.4 करोड़ रुपये हो गया। 24 दिसंबर को हिंदी ऑक्यूपेंसी 32 प्रतिशत से ज्यादा दर्ज की गई, जो यह दिखाती है कि वीकडेज में भी दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है। ट्रेड जानकारों का मानना है कि क्रिसमस की छुट्टियों का फायदा फिल्म को आने वाले दिनों में और मिल सकता है।
देश ही नहीं, विदेशों में भी असर
‘धुरंधर’ का जादू सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म ने दमदार प्रदर्शन किया है। अब तक फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 907.4 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जिसमें लगभग 200 करोड़ रुपये विदेशों से आए हैं। यह रणवीर सिंह की अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता को भी दर्शाता है।
पुराने रिकॉर्ड भी टूटे
सबसे बड़ी बात यह है कि ‘धुरंधर’ ने एसएस राजामौली की ब्लॉकबस्टर ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। साथ ही इसने ‘कांतारा चैप्टर 1’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों को पछाड़ते हुए साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है। गौरतलब है कि 2015 में रिलीज हुई ‘बाहुबली’ ने दुनियाभर में करीब 650 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
‘पठान’ के करीब पहुंची ‘धुरंधर’
अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘धुरंधर’ शाहरुख खान की ‘पठान’ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को भी पीछे छोड़ पाएगी। ‘पठान’ ने दुनियाभर में लगभग 1055 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ पहले ही ‘पठान’ से आगे निकल चुकी है और भारत में इसका कलेक्शन 657 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है।



