Disha Patani News: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी के बरेली स्थित घर के बाहर गोलीबारी हुई। इस घटना के बाद दिशा और उनकी फैमिली सुर्खियों में आ गई। दिशा पटानी के पिता जगदीश पटानी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी बेटी और परिवार को गलत तरीके से बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा –”खुशबू (दिशा की बहन) को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनका नाम प्रेमानंद जी महाराज के विवाद में बेवजह घसीटा गया। हम सनातनी हैं और साधु-संतों का सम्मान करते हैं। कोई हमारे बयान को गलत दिखाकर हमें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।”
सुबह 4:30 बजे हुई हवाई फायरिंग
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह लगभग 4:30 बजे हुई। दो राउंड हवाई फायरिंग की गई। किसी को चोट नहीं आई। इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
हमले की जिम्मेदारी
ढेलाणा बंधु – वीरेंद्र और महेंद्र – ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में उन्होंने लिखा – यह फायरिंग उन्होंने करवाई है। उनका आरोप है कि खुशबू पटानी और दिशा पटानी ने संतों का अपमान किया। यह सिर्फ एक “ट्रेलर” था, अगर दोबारा धर्म का अपमान हुआ तो अगली बार जान से मार देंगे।
खुशबू पटानी की टिप्पणी पर विवाद
दिशा की बहन और पूर्व सैन्य अधिकारी खुशबू पटानी ने हाल ही में धार्मिक वक्ता अनिरुद्धाचार्य महाराज की लिव-इन रिलेशनशिप पर की गई टिप्पणी की आलोचना की थी। कई लोगों ने उनकी टिप्पणी को गलत समझ लिया। लोगों ने मान लिया कि खुशबू ने प्रेमानंद जी महाराज पर सवाल उठाया। इस गलतफहमी के बाद सोशल मीडिया पर खुशबू को ट्रोल किया जाने लगा।
खुशबू पटानी का आधिकारिक स्पष्टीकरण
खुशबू ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके खिलाफ झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी –”अगर मेरे खिलाफ फर्जी खबरें फैलाना जारी रहा तो मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि वह आईपीसी की कई धाराओं (जैसे 499, 500 – मानहानि, 465, 469 – जालसाजी, 505(1)(B) – अफवाह फैलाना, और आईटी एक्ट की धाराएं) के तहत मुकदमा करेंगी।