Krishna Janmashtami 2025: “श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी…” जैसे भजनों की गूंज से पूरा ब्रज भक्तिमय हो उठा है। हर गली, हर सड़क पर भक्ति का रंग बिखर रहा है। नटवर नागर (श्रीकृष्ण) के 5252वें जन्मोत्सव की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
ब्रज बना दुल्हन
शनिवार को कान्हा का जन्मोत्सव है, लेकिन उससे पहले ही पूरा ब्रज दुल्हन की तरह सज चुका है। जगह-जगह रंग-बिरंगे कपड़े, झालरें और रोशनी से चौक-चौराहे जगमगा रहे हैं। देश के कोने-कोने से भक्त यहां पहुंच रहे हैं और हर ब्रजवासी उनका स्वागत करने को तैयार है।
जन्म की अद्भुत घड़ी
शनिवार रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कारागार में लाला का प्राकट्य होगा। लाखों श्रद्धालु इस अद्भुत क्षण के साक्षी बनने के लिए मथुरा पहुंच चुके हैं। जन्मस्थान जाने वाले हर रास्ते पर भीड़ ही भीड़ है।
कान्हा की विशेष सजावट
जन्मोत्सव पर भगवान श्रीकृष्ण मेघधनु (इंद्रधनुषी रंगों वाली) पोशाक धारण करेंगे। इसमें सातों रंगों का प्रयोग रेशम, जरी और रत्नों से किया गया है।
- कंस की कारागार को 221 किलो चांदी से सजाया गया है।
- गर्भगृह में पुष्प बंगला बनाया गया है।
- मां योगमाया मंदिर के लिए लगभग 51 किलो चांदी से सिंहासन, अस्त्र-शस्त्र और पादुकाएं तैयार की गई हैं।
लड्डू गोपाल लेकर पहुंचे भक्तों में भारी उत्साह
जयपुर से आई गुड़िया और उनका बेटा सतीश पहली बार नहीं बल्कि तीसरी बार जन्माष्टमी का आनंद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा – “यह पल हमारे लिए सौभाग्य है।” सोनीपत से आए 78 वर्षीय विष्णभर अपनी पत्नी के साथ लड्डू गोपाल लेकर पहुंचे। जन्मस्थान की आभा देखकर वृद्ध दंपती भावुक हो उठे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन
शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचेंगे। वह कान्हा के दर्शन और पूजन करेंगे। साधु-संतों का सम्मान करेंगे। विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। गोवर्धन पर्वत पर बनी डॉक्यूमेंट्री का प्रस्तुतीकरण भी होगा।
शोभायात्रा में ब्रज संस्कृति की झलक
शुक्रवार को लोक कलाकारों की शोभायात्रा के साथ श्रीकृष्णोत्सव की शुरुआत हुई। गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने ढोल बजाकर शुभारंभ किया। शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने कृष्ण लीलाओं का मंचन किया। संकीर्तन करती टोलियों ने भक्तों को कृष्ण प्रेम में डूबो दिया।यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए जन्मस्थान पर समाप्त हुई।