Kitchen Garden Care Tips : गर्मियों का मौसम सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पौधों के लिए भी मुश्किल भरा होता है। तेज धूप, गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान पौधों की मिट्टी में मौजूद नमी को तेजी से खत्म कर देते हैं। अगर समय पर सही देखभाल न की जाए तो घर का खूबसूरत किचन गार्डन सूख सकता है।
हालांकि, कुछ आसान तरीकों को अपनाकर गर्मी के दिनों में भी पौधों को स्वस्थ और हरा-भरा रखा जा सकता है। सही समय पर पानी देना, मिट्टी में नमी बनाए रखना और पौधों को तेज धूप से बचाना सबसे जरूरी होता है।
पौधों को धूप से बचाने के लिए लगाएं ग्रीन नेट
गर्मियों में तेज धूप सीधे पौधों पर पड़ने से पत्तियां जलने लगती हैं। ऐसे में पौधों के ऊपर ग्रीन नेट लगाना फायदेमंद रहता है। यह तेज धूप और हानिकारक किरणों से पौधों की सुरक्षा करता है और आसपास का तापमान भी कम रखने में मदद करता है।
सुबह या शाम को दें पानी
गर्मी में पौधों को पानी देने का सही समय बहुत मायने रखता है। दोपहर के समय पानी देने से मिट्टी ज्यादा गर्म हो सकती है, जिससे जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए सुबह जल्दी या शाम को सूरज ढलने के बाद पौधों में पानी डालना बेहतर रहता है।
मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए करें मल्चिंग
गर्मियों में मिट्टी जल्दी सूख जाती है। इससे बचने के लिए गमलों और क्यारियों में मल्चिंग की जा सकती है। सूखी पत्तियां, भूसी या कोकोपीट की परत मिट्टी के ऊपर बिछाने से नमी लंबे समय तक बनी रहती है और बार-बार पानी देने की जरूरत कम होती है।
गर्मी में रासायनिक खाद से बचें
गर्म मौसम में ज्यादा रासायनिक खाद का इस्तेमाल पौधों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यूरिया और डीएपी जैसी खादें गर्म प्रभाव वाली मानी जाती हैं, जो कमजोर पौधों की जड़ों को प्रभावित कर सकती हैं। इस मौसम में जैविक खाद का सीमित मात्रा में उपयोग करना बेहतर रहता है।
पत्तियों पर भी करें पानी का छिड़काव
गर्मियों में सिर्फ जड़ों को पानी देना ही काफी नहीं होता। पौधों की पत्तियों पर हल्का पानी छिड़कने से उनका तापमान नियंत्रित रहता है और धूल भी साफ हो जाती है। इससे पौधों की ग्रोथ बेहतर बनी रहती है।
गमलों को सही जगह रखें
अगर पौधे छोटे गमलों में लगे हैं तो उन्हें सीधे तेज धूप या गर्म दीवारों के पास रखने से बचें। छायादार जगह पर गमलों को एक साथ रखने से आसपास नमी बनी रहती है और पौधे गर्मी से कम प्रभावित होते हैं।
नियमित सफाई भी है जरूरी
किचन गार्डन को स्वस्थ रखने के लिए समय-समय पर सफाई करते रहना चाहिए। सूखी, पीली और खराब पत्तियों को हटाने के साथ-साथ बीमार टहनियों की कटाई भी जरूरी है।
इसके अलावा गमलों में उगने वाली अनचाही घास यानी खरपतवार को भी समय पर निकाल देना चाहिए। इससे पौधों को मिट्टी से मिलने वाला पोषण सही तरीके से मिलता है और वे गर्मियों में भी अच्छी तरह बढ़ते रहते हैं।
इन आसान उपायों को अपनाकर आप अपने घर के किचन गार्डन को गर्मी के मौसम में भी हरा-भरा और स्वस्थ बनाए रख सकते हैं।
