Mexico Flood: मेक्सिको में पिछले कुछ दिनों से जारी लगातार मूसलाधार बारिश ने भयानक तबाही मचा दी है। आपको दें बता कि बाढ़ और भूस्खलन की वजह से कई राज्यों में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। अब तक 41 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ और भूस्खलन की वजह से हजारों घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और लाखों लोग इस आपदा से प्रभावित हैं।
कई राज्यों में मची भारी तबाही
मौसम विभाग के अनुसार, वेराक्रूज राज्य में छह से नौ अक्टूबर के बीच 540 मिलीमीटर (21 इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई, जिससे नदियाँ उफान पर आ गईं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वेराक्रूज की तेल नगरी पोजा रिका, जो मेक्सिको सिटी से लगभग 275 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है, सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक है। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ से पहले कोई बड़ी चेतावनी जारी न होने से हालात और बिगड़ गए।
टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी
राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा समन्वय के मुताबिक, राजधानी मेक्सिको सिटी के उत्तर में स्थित हिडाल्गो राज्य में अब तक 16 लोगों की मौत हुई है और लगभग 150 समुदायों में बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं, पुएब्ला राज्य में नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और करीब 16,000 घर पूरी तरह से नष्ट या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सबसे अधिक नुकसान वेराक्रूज राज्य में हुआ है, जहां 15 लोगों की मौत दर्ज की गई है। यहां सेना और नौसेना की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। अब तक 42 बाढ़ग्रस्त समुदायों से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
लाखों लोग हुए प्रभावित
रिपोर्टों के अनुसार, 27 लोग अभी भी लापता हैं और बचावकर्मी लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं। वेराक्रूज की 55 नगरपालिकाओं में 16,000 से अधिक मकान पानी में डूब गए हैं। भारी बारिश और तूफानों के कारण 3,20,000 से अधिक लोगों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। कई सड़कों के टूटने से परिवहन व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि इस तबाही के पीछे पश्चिमी तट पर आए तूफान “प्रिसिला” और “रेमंड” का हाथ है, जिन्होंने देश के कई हिस्सों में भीषण बारिश और विनाशकारी बाढ़ को जन्म दिया। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।



