Mumbai Rains: देश के कई हिस्सों में इन दिनों भारी बारिश हो रही है, लेकिन सबसे ज्यादा असर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज बारिश के कारण अब तक अलग-अलग घटनाओं में 7 लोगों की जान जा चुकी है। हालात को देखते हुए मुंबई में कई स्कूल, कॉलेज और दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
सड़कों पर पानी, शहर की रफ्तार थमी
- सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद मुंबई की सड़कें तालाब जैसी दिखने लगीं।
- सिर्फ 8 घंटों में 177 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
- जगह-जगह पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
- कई लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।
यातायात और हवाई सेवा प्रभावित
- लगातार बारिश का असर यातायात और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है।
- कम विजिबिलिटी (दिखाई कम देने) के कारण कई फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा।
- लोकल ट्रेनें भी देर से चल रही हैं।
- एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट जाने में काफी समय लग सकता है क्योंकि सड़कों पर पानी भरा है और ट्रैफिक धीमा है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है। अनुमान है कि 21 अगस्त तक लगातार बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि केवल जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।
मुख्यमंत्री ने दिए सतर्क रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को हालात पर नजर रखने और लोगों की मदद के लिए तैयार रहने के आदेश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे।