Pankaj Dheer Passed Away: मुंबई से सिनेमा जगत के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। आपको बता दें कि टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। 68 वर्ष की आयु में उन्होंने 15 अक्टूबर 2025 को मुंबई में अंतिम सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार वह पिछले काफी समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इलाज के बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।
‘महाभारत’ में निभाए गए कर्ण का किरदार
बता दें कि पंकज धीर को निर्देशक बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में निभाए गए कर्ण के किरदार से अमरता मिली थी। उनका यह रोल आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। स्क्रीन पर उनकी दमदार आवाज़, भावनात्मक संवाद और प्रभावशाली अभिनय ने कर्ण के चरित्र को अमर बना दिया था।
पंकज धीर सिर्फ छोटे पर्दे तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी यादगार किरदार निभाए। ‘सौदागर’, ‘बादशाह’, ‘सन ऑफ सरदार’ और ‘रजिया सुल्तान’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। वह अपने सौम्य स्वभाव और पेशेवर रवैये के लिए इंडस्ट्री में जाने जाते थे।
मनोरंजन जगत में शोक की लहर
उनके निधन की खबर सामने आते ही मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। ‘महाभारत’ में अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने भी इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने दोस्त को याद करते हुए लिखा “अलविदा मेरे दोस्त, तुम्हारी कमी हमेशा खलेगी।”
पंकज धीर के निधन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरी इंडस्ट्री को गहरा आघात पहुंचा है। सोशल मीडिया पर अभिनेता, निर्देशक और प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पंकज धीर का अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले (वेस्ट) स्थित पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा। सिंटा (CINTAA) के पूर्व महासचिव रहे पंकज धीर ने अपने करियर में कई यादगार किरदारों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। उनके जाने से भारतीय सिनेमा ने एक सशक्त और प्रतिभाशाली अभिनेता को खो दिया है।



