शर्म अल-शेख (मिस्र): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और उसके नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि “भारत महान देश है और इसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं”। आपको बता दें कि यह बयान उन्होंने मिस्र के शर्म अल-शेख में इजराइल और हमास के बीच युद्ध विराम पर बनी सहमति के बाद आयोजित विश्व नेताओं के सम्मेलन में दिया। ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि भारत और पाकिस्तान साथ मिलकर बहुत अच्छे से रहेंगे।”
पाकिस्तान PM शहबाज शरीफ देखते रहे
बता दें कि ट्रंप ने अपने पीछे खड़े पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर देखते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, “भारत महान देश है और मेरे बहुत अच्छे मित्र उसका नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने शानदार काम किया है।” ट्रंप की इस टिप्पणी के दौरान पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ सभा में मौजूद थे और उन्होंने इसे ध्यान से सुना।
इससे पहले, ट्रंप ने शहबाज शरीफ और पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की प्रशंसा की और शरीफ को सभा को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया। शरीफ के संबोधन के बाद ट्रंप ने उनके भाषण की तारीफ की और मजाकिया अंदाज में कहा, “अब कहने को कुछ बचा ही नहीं है, चलो घर चलते हैं।”
मैंने अब तक 8 युद्ध रुकवाए- ट्रंप
ट्रंप ने अपने संबोधन में यह भी दावा किया कि उन्होंने अब तक 8 युद्धों को रोकने में मदद की है, जिसमें भारत-पाक के विवाद सहित इजराइल-गाजा संघर्ष भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान की बात है और इससे लाखों लोगों की जान बची है। ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर अपनी भावनाओं का भी ज़िक्र किया और कहा कि उन्होंने युद्ध रोकने का काम मानवता के लिए किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति भारत-पाक सीजफायर पर भी क्रेडिट लेते रहे हैं। उन्होंने मई में सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि अमेरिका की मध्यस्थता से भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल संघर्ष विराम पर सहमत हुए हैं। हालांकि भारत ने स्पष्ट किया कि यह सहमति दोनों सेनाओं के DGMO के बीच सीधी बातचीत के बाद बनी थी।



