Punjab floods: सोमवार को हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और ज्यादा बारिश का अनुमान जताया है। लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
हथिनीकुंड बैराज के गेट खोले गए
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज के गेट खोलने पड़े। इससे आस-पास के इलाकों में पानी फैलने का खतरा बढ़ गया।
स्कूल बंद करने के आदेश
सावधानी के तौर पर प्रशासन ने कुछ जिलों में मंगलवार को स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। चंडीगढ़ में लगातार बारिश के कारण मंगलवार को सभी स्कूल बंद रहेंगे।
सीएम नायब सिंह सैनी ने की समीक्षा बैठक
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सभी जिलों के उपायुक्तों से बातचीत की। उन्होंने बारिश और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश हैं, वहां स्कूल पूरी तरह बंद होने चाहिए।
चंडीगढ़ में भारी बारिश
चंडीगढ़ में रविवार से अब तक लगभग 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सोमवार को हुई बैठक में शहर के मुख्य सचिव (प्रभारी) मंदीप सिंह बराड़ ने तैयारियों की समीक्षा की।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए व्यवस्था
सीएम सैनी ने अधिकारियों को आदेश दिया कि पंजाब से हरियाणा आने वाले बाढ़ प्रभावित लोगों को तुरंत आश्रय, भोजन और जरूरी सुविधाएं दी जाएं।
पंजाब के कई जिले प्रभावित
पंजाब में भी लगातार बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। खासकर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हुई भारी बारिश का असर यहां दिख रहा है। सतलुज, व्यास और रावी नदियां उफान पर हैं। इसके अलावा कई छोटी नदियों में भी पानी बढ़ गया है।
सबसे ज्यादा प्रभावित जिले
- पठानकोट
- गुरदासपुर
- फाजिल्का
- कपूरथला
- तरनतारन
- फिरोजपुर
- होशियारपुर
- अमृतसर
इन जिलों के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।