नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसी कारण आउटर रिंग रोड पर मजनू का टीला से लेकर सलीमगढ़ बाईपास तक लंबा जाम लग गया है। सैकड़ों गाड़ियां धीरे-धीरे रेंग रही हैं और लोगों को सफर में दिक्कत हो रही है। आइये जानते हैं इसे विस्तार…
7500 लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया
पिछले कई दिनों से यमुना का पानी खतरनाक स्तर पर बह रहा है। इस वजह से निचले इलाकों में रहने वाले करीब 7,500 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सरकार ने उनके लिए 25 से ज्यादा राहत शिविर बनाए हैं, जहां उन्हें अस्थायी रूप से ठहराया जा रहा है।
पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी
- यमुना का पानी सड़कों तक पहुंचने लगा है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
- वजीराबाद–सिग्नेचर ब्रिज मार्ग और चंदगी राम अखाड़ा–आईपी कॉलेज रेड लाइट पर यातायात डायवर्ट किया गया है।
- आउटर रिंग रोड और आसपास के इलाकों में जाम और भीड़भाड़ की संभावना ज्यादा है।
- यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

यात्रियों से अपील
- पुलिस ने लोगों से कुछ खास बातें मानने की अपील की है।
- भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचें।
- सड़क किनारे गाड़ी पार्क न करें क्योंकि इससे जाम और बढ़ जाता है।
- पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
- इमरजेंसी वाहनों को निकलने के लिए रास्ता दें।
वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें
पुलिस ने साफ कहा है कि लोग वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें ताकि यातायात सुचारू रहे और किसी को परेशानी न हो। आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ सकती है, इसलिए जाम की समस्या भी बढ़ने की आशंका है।