हरियाणा के गुरुग्राम में मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर तड़के सुबह फायरिंग हुई। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। यह घटना रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। उस समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। घर पर उनकी मां सुषमा यादव थीं।
बाइक सवार हमलावरों ने चलाई गोलियां
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीन हमलावर बाइक से आए थे। गोली चलाने से पहले उनमें से एक हमलावर बाइक से कुछ दूर उतर गया। बाकी दो हमलावरों ने मिलकर करीब 24 राउंड फायरिंग की। फायरिंग होते ही घर की देखरेख करने वाला केयरटेकर डरकर अंदर भाग गया और तुरंत एल्विश यादव के पिता राम अवतार को सूचना दी।
पिता का बयान
एल्विश यादव के पिता राम अवतार ने बताया कि हमलावर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर मौके से भाग गए। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घर पर दिखे गोली के निशान
फायरिंग में घर की दीवारों पर गोलियों के निशान साफ दिख रहे हैं। घर पर लगे CCTV कैमरों में हमलावर कैद हो गए। पुलिस जांच के लिए DVR अपने कब्जे में ले चुकी है। फिलहाल घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि इस फायरिंग के पीछे किसी गैंग का हाथ हो सकता है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही साफ होगी।
एल्विश के परिवार का कहना है कि उन्हें पुलिस की कार्रवाई पर पूरा भरोसा है।
एल्विश यादव के पुराने विवाद
एल्विश यादव सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी लोकप्रिय हैं। लेकिन उनका विवादों से भी पुराना रिश्ता रहा है।
सांप का ज़हर और रेव पार्टी का मामला
इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एल्विश यादव को बड़ा झटका दिया था। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज केस की चार्जशीट और समन आदेश को चुनौती दी थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी।
आरोप क्या हैं?
- एल्विश यादव पर आरोप है कि उन्होंने रेव पार्टी में सांप का ज़हर और नशीली दवाओं का इस्तेमाल कराया।
- कहा गया कि इन पार्टियों में विदेशियों को बुलाया जाता था और उन्हें ड्रग्स व सांप के जहर का सेवन कराया जाता था।
- यूट्यूब वीडियो बनाने के लिए भी सांप और सांप के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप है।