हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के गिडीमेटला इलाके में एक 39 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस महिला की हत्या का आरोप उसी की 16 साल की बेटी और बेटी के प्रेमी पर लगा है। मृतका एक सिंगल मदर (अकेली मां) थीं। वह अपनी दो बेटियों की अकेले ही परवरिश कर रही थीं। वह ‘कला सारथी’ नाम के संगठन में हस्तशिल्प का काम करती थीं और एससी/एसटी सेल और महिला मंडल में भी सक्रिय थीं। उन्होंने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया था।
कैसे शुरू हुआ यह मामला?
महिला की बड़ी बेटी कक्षा 10वीं की छात्रा है। दिसंबर 2023 में उसकी इंस्टाग्राम के जरिए पी. शिवा नाम के एक 19 वर्षीय युवक से जान-पहचान हुई। शिवा नालगोंडा जिले का रहने वाला है और एक डीजे (DJ) का काम करता है। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
घर से भागी बेटी, मां ने की शिकायत
19 जून को लड़की अपने प्रेमी शिवा के साथ घर से भाग गई। जब महिला को इस बात का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने सूर्यापेट में शिवा के दादा-दादी के घर से लड़की को ढूंढ निकाला और उसे मां को सौंप दिया। इसके बाद से मां और बेटी के बीच झगड़े होने लगे, खासकर लड़की के रिश्ते को लेकर।
हत्या की रात क्या हुआ?
23 जून की शाम को लड़की ने अपने प्रेमी शिवा को फोन कर अपनी मां की शिकायत की। इसके बाद शिवा और उसका भाई यशवंत लड़की के घर पहुंचे। लड़की ने दोनों के लिए दरवाजा खोला।
पहली कोशिश: गला घोंटना
पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने पहले महिला का गला चुनरी और साड़ी से दबाकर मारने की कोशिश की। उन्हें लगा कि महिला मर चुकी है, तो वे वहां से भाग गए।
दूसरी कोशिश: हथौड़े से हमला
हमले के बाद लड़की ने देखा कि उसकी मां अभी जिंदा है और सांस ले रही है। उसने फिर से शिवा को फोन किया। कुछ देर में शिवा और उसका भाई दोबारा लौटे और इस बार हथौड़े से महिला के सिर और नाक पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।