एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों गहरे शोक में डूबे हुए हैं। उनके पिता सुनील मल्होत्रा का 14 फरवरी को दिल्ली में निधन हो गया। इस दुखद खबर ने परिवार और उनके चाहने वालों को भारी सदमे में डाल दिया है। फिलहाल सिद्धार्थ अपने परिवार के साथ दिल्ली में समय बिता रहे हैं।
इंस्टाग्राम अकाउंट पर किया एक भावनात्मक पोस्ट
मंगलवार की रात अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने पिता के साथ बिताए अनमोल लम्हों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उनके पिता हमेशा ईमानदार, मजबूत और सिद्धांतों वाले व्यक्ति रहे। उन्होंने जीवन में अपने मूल्यों को कभी नहीं छोड़ा और हमेशा अपने सिद्धांतों के साथ खड़े रहे।
सिद्धार्थ ने अपने पोस्ट में बताया कि उनके पिता ने मर्चेंट नेवी में कैप्टन के रूप में सेवा की और समुद्र में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं। जीवन की चुनौतियों और बीमारियों के बावजूद उनकी हिम्मत और सकारात्मक दृष्टिकोण कभी कम नहीं हुआ। स्ट्रोक के बाद उन्हें व्हीलचेयर की जरूरत पड़ी, लेकिन उनका आत्मविश्वास और धैर्य हमेशा परिवार के लिए प्रेरणा रहा।
अभिनेता ने आगे लिखा कि उनके पिता की ईमानदारी…
अभिनेता ने आगे लिखा कि उनके पिता की ईमानदारी, संस्कार और जीवन के मूल्य उनकी सबसे बड़ी विरासत हैं। उन्होंने कहा, “आप हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आपके बताए रास्ते, मूल्य और प्यार हमेशा मेरे साथ रहेंगे। मैं जो कुछ भी हूं, वह आपकी वजह से हूं। आपका नाम और आदर्श मैं हमेशा जीवित रखूंगा। लव यू डैड।”
सूत्रों के अनुसार, सुनील मल्होत्रा लंबे समय से बीमार थे। कुछ महीने पहले ही सिद्धार्थ ने पिता की सेहत का जिक्र किया था। पिता के निधन की खबर मिलते ही उनकी पत्नी और अभिनेत्री कियारा आडवाणी तुरंत दिल्ली पहुंचीं। परिवार ने अंतिम संस्कार दिल्ली में ही संपन्न किया।


