लाइफस्टाइल डेस्क : दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम बदलने के साथ लोगों में खांसी, छींक और गले में खराश की समस्या तेजी से बढ़ रही है। बता दें कि सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी का असर शरीर पर पड़ रहा है, जिससे सर्दी-जुकाम जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। आइए जानते हैं कुछ घरेलू उपाय
क्यों बढ़ रहे हैं सर्दी-खांसी के मरीज
बता दें कि बदलते मौसम में शरीर की इम्यूनिटी कमजोर होने लगती है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग इस समय संक्रमण की चपेट में जल्दी आते हैं। ठंडी हवाओं और बढ़ते प्रदूषण के कारण गले में खराश, खांसी, सांस लेने में परेशानी और एलर्जी जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है, जिससे अस्थमा और सांस की बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।
गले की खराश के घरेलू उपाय
गुनगुना पानी पिएं: दिनभर में कई बार गुनगुना पानी पीने से गले में नमी बनी रहती है और खराश कम होती है।
नमक के पानी से गरारे करें: सुबह-शाम हल्के गर्म पानी में नमक डालकर गरारे करने से गले के बैक्टीरिया खत्म होते हैं।
अदरक-शहद का सेवन करें: 1 चम्मच अदरक के रस में शहद मिलाकर दिन में 1-2 बार खाने से राहत मिलती है।
तुलसी और मुलेठी की चाय पिएं: ये प्राकृतिक एंटीबायोटिक की तरह काम करते हैं और गले की सूजन घटाते हैं।
हल्दी वाला दूध पिएं: रात को सोने से पहले हल्दी दूध में मिलाकर पीने से गले की सूजन और खांसी दोनों में राहत मिलती है।
प्रदूषण से बचाव करें: बाहर निकलते वक्त मास्क पहनें और ठंडी चीजों से परहेज करें।
डाइट में रखें ध्यान
इस मौसम में विटामिन-C से भरपूर फल जैसे आंवला, संतरा, अमरूद और हरी सब्जियां जरूर खाएं। ये शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी इलाज या घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।



