नई दिल्ली। जधानी में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बारिश और तेज हवा के चलते दिल्ली का मौसम का मिजाज बदल गया है। जहां, भीषण गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, तेज हवाओं के चलते काफी नुकसान भी हुआ। कई जगहों पर पेड़ उखड़ने से रास्ते जाम हो गए।
तेज हवा से हुए नुकसान, पेड़ उखड़े और रास्ते बंद
तेज हवाओं ने कई इलाकों में परेशानी भी बढ़ा दी। कई जगह पेड़ गिरने की खबर है, जिससे रास्ते जाम हो गए और लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। एक बड़ा पेड़ फिरोजशाह रोड पर गिर गया, जिससे रास्ता बंद हो गया। बारिश और तेज हवाओं का यह सिलसिला रविवार सुबह तक जारी रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी: घर के अंदर रहें
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि दिल्ली और एनसीआर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है।
हवाओं की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे घर के अंदर ही रहें और जब तक बहुत जरूरी न हो, बाहर न निकलें।
शनिवार का तापमान औसत से ज्यादा
- अधिकतम तापमान: 42 डिग्री सेल्सियस (औसत से 1.3 डिग्री ज्यादा)
- न्यूनतम तापमान: 29.6 डिग्री सेल्सियस (औसत से 1.6 डिग्री ज्यादा)
- रविवार के लिए मौसम विभाग ने हल्की बारिश और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
दिल्ली की हवा “मध्यम” श्रेणी में रही
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक शनिवार शाम 6 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 166 रहा। यह “मध्यम” श्रेणी में आता है।
22-23 जून तक दिल्ली पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 या 23 जून तक मानसून दिल्ली पहुंच सकता है। हालांकि मानसून ने देश में समय से पहले दस्तक दी थी, लेकिन महाराष्ट्र पहुंचने के बाद उसकी गति धीमी हो गई थी। अब फिर से मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हालात बन गए हैं।
प्री-मानसून बारिश से मिलेगी राहत
दिल्ली में मानसून आने से पहले हल्की बारिश यानी प्री-मानसून शरू हो गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इस हफ्ते दिल्ली का तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर रहा है। गर्मी बढ़ने से बिजली और पानी की खपत बहुत ज्यादा हो गई है। कई इलाकों में बिजली कटौती और पानी की कमी से लोग परेशान हैं।